1. हिन्दी समाचार
  2. नोएडा
  3. ग्रेटर नोएडा पुष्प प्रदर्शनी 2026: 26 फरवरी से 1 मार्च तक सिटी पार्क में ड्रोन शो और फूलों की दुनिया

ग्रेटर नोएडा पुष्प प्रदर्शनी 2026: 26 फरवरी से 1 मार्च तक सिटी पार्क में ड्रोन शो और फूलों की दुनिया

ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिवसीय भव्य पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन होगा। फूलों से बनी भारत माता, ऑपरेशन सिंदूर, मोर-शेर आकृतियां और पहली बार ड्रोन शो रहेगा आकर्षण।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
ग्रेटर नोएडा पुष्प प्रदर्शनी 2026: 26 फरवरी से 1 मार्च तक सिटी पार्क में ड्रोन शो और फूलों की दुनिया

नोएडा के बाद अब इस वीकेंड ग्रेटर नोएडा में फूलों की रंग-बिरंगी दुनिया लोगों को आकर्षित करने के लिए तैयार है। सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिवसीय भव्य पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन. जी. रवि कुमार के निर्देश पर किया जा रहा है। पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से बनी भारत माता, ऑपरेशन सिंदूर, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर और हार्ट शेप जैसी आकर्षक आकृतियां दर्शकों का मन मोह लेंगी। आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड स्टॉल और बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन की भरपूर व्यवस्था की गई है।

पहली बार ड्रोन शो रहेगा मुख्य आकर्षण

ग्रेटर नोएडा की इस पुष्प प्रदर्शनी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगा। रंग-बिरंगे फूलों के बीच आसमान में उभरता ड्रोन शो इस आयोजन को और भी यादगार बनाएगा। प्रदर्शनी में एक लाख से अधिक मौसमी फूल प्रदर्शित किए जाएंगे। इस वर्ष पुष्प प्रदर्शनी की थीम ‘फ्लावर कैलेंडुला’ रखी गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए सिटी पार्क के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों के गोलचक्करों, हरित क्षेत्रों और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें अब फूल पूरी तरह खिल चुके हैं।

फूलों से बनीं कलात्मक आकृतियां और सांस्कृतिक रंग

पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से बनी ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित विशेष आकृति लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा मोर, शेर और हार्ट शेप जैसी कलात्मक संरचनाएं भी सजाई जा रही हैं। कार्यक्रम में नृत्य, संगीत, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के पुनः उपयोग (रीयूज) का संदेश भी दिया जाएगा।

AI, रोबोटिक्स और छात्रों को मिलेगा मंच

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा इस आयोजन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों की झलक भी शामिल की जा रही है। शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच दिया जाएगा, जिससे यह आयोजन शैक्षणिक और रचनात्मक दृष्टि से भी खास बनेगा। प्राधिकरण की ओर से शहर के 40 गोलचक्कर, 45 हरित क्षेत्र और 17 सेंट्रल वर्ज को एडॉप्शन पर दिया गया है, जिन्हें पुष्प प्रदर्शनी की थीम के अनुसार सजाया गया है।

दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाओं का दावा

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने बताया कि सिटी पार्क में पुष्प प्रदर्शनी के भव्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जन सहभागिता से ही सफल होगा और बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी को यह प्रदर्शनी बेहद पसंद आएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...