गौतमबुद्धनगर पुलिस के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
43वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता-2026, मुरादाबाद में नोएडा पुलिस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आरक्षी विवेक गुप्ता ने प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में 7 स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की, जिसके लिए उन्हें 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं महिला मुख्य आरक्षी रूबी मिश्रा ने 3 स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। उन्हें भी 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

मुख्य आरक्षी रूपेश ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक और 1 कांस्य पदक हासिल किया, जिसके लिए उन्हें 40 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। आरक्षी आकाश ने भी प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उनकी उपलब्धि पर उन्हें 40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार ने तृतीय भारतीय पुलिस योग प्रतियोगिता, करनाल (हरियाणा) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें 40 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने सभी सम्मानित खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन विभाग के साथ-साथ पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।