लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं गरिमामयी उपस्थिति में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में ‘प्रवेश उत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बैंड की स्वागत धुन के साथ हुई, जिसके बाद राज्यपाल का पारंपरिक तिलक एवं स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने “मनुष्य तू बड़ा महान है” प्रार्थना प्रस्तुत की तथा कंप्यूटर प्रकोष्ठ द्वारा नामांकन शिविरों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और अच्छे व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों पर संवाद करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता और गरीबी से बाहर निकलने का सबसे सशक्त माध्यम है।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए संगीत, खेल, नाटक और अन्य सह-शैक्षिक गतिविधियों के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने विद्यालय का भ्रमण कर कक्षाओं, आंगनबाड़ी कक्ष और मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर विशेष सचिव प्रकाश गुप्ता ने शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया, जबकि प्रधानाचार्य श्रीमती रश्मि पांडे एवं श्रीमती अनुपमा मंडल ने विद्यार्थियों के विकास में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।