1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया जनगणना-2027 स्व-गणना पोर्टल का शुभारंभ

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया जनगणना-2027 स्व-गणना पोर्टल का शुभारंभ

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनगणना-2027 की डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया शुरू की। नागरिक 7 से 21 मई तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया जनगणना-2027 स्व-गणना पोर्टल का शुभारंभ

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को जन भवन, लखनऊ से जनगणना-2027 के मकान सूचीकरण, मकानों की गणना एवं स्व-गणना प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

राज्यपाल ने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार को स्व-गणना पोर्टल के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि नागरिक जनगणना अधिकारियों को सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे सरकार को भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वर्ष 2001 की जनगणना के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि गुजरात में महिला साक्षरता और लिंगानुपात की स्थिति में सुधार लाने के लिए जनगणना के आंकड़ों के आधार पर विशेष अभियान चलाए गए थे। “प्रवेश उत्सव” अभियान के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा दिया गया, वहीं महिला सम्मेलनों, नुक्कड़ नाटकों और जनजागरूकता कार्यक्रमों से बेटियों के महत्व को समाज तक पहुंचाया गया। भ्रूण परीक्षण में संलिप्त चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले।

राज्यपाल ने कहा कि जनगणना का प्रभाव किसान, युवा, महिला और समाज के हर वर्ग पर पड़ता है। इससे प्राप्त आंकड़े सरकार को नई योजनाएं बनाने और संसाधनों के बेहतर उपयोग में मदद करते हैं। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों की सहभागिता की सराहना करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।

उन्होंने कहा कि यदि देश को सच्चा, सही और त्वरित डाटा मिलेगा, तो विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रखी जा सकेगी। इस अवसर पर निदेशक जनगणना एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने स्व-गणना पोर्टल और जनगणना-2027 की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।

जनगणना-2027 पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से आयोजित की जा रही है। नागरिक 7 मई से 21 मई 2026 तक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। प्रदेश में जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...