उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आज जन भवन, लखनऊ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जन भवन में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।


समारोह के दौरान राज्यपाल द्वारा वर्ष 2024 के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अति उत्कृष्ट सेवा पदक से मुख्य आरक्षी अजमत अली, मुख्य आरक्षी जनार्दन मिश्रा, मुख्य आरक्षी (चालक) तीर्थराज पाल, तथा उत्कृष्ट सेवा पदक से मुख्य आरक्षी मोहम्मद नदीम को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से मुख्य आरक्षी (कमांडो) विजय पाल यादव और निरीक्षक बृजेश भारद्वाज को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) प्रदान किया गया राज्यपाल ने सभी सम्मानित कार्मिकों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ध्वजारोहण से पूर्व राज्यपाल महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता, जन भवन के अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। पूरे समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
