उत्तर प्रदेश में खेल अवसंरचना को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। गोरखपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा ₹60 करोड़ का सहयोग दिया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार और इंडियन ऑयल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर का यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम केवल एक खेल परिसर नहीं होगा, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना से क्षेत्र में खेल पर्यटन, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सीएसआर के तहत सहयोग देने के लिए Indian Oil Corporation Limited की सराहना की और कहा कि सार्वजनिक-निजी सहभागिता का यह मॉडल राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वाराणसी में एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि गोरखपुर स्टेडियम के लिए बजट में आवश्यक प्रावधान किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेल और फिटनेस की संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है और मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण तेज़ी से जारी है।
₹392.94 करोड़ की लागत से बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 30,000 दर्शकों की क्षमता वाला होगा और इसे पूर्णतः अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक पिच, प्रैक्टिस एरिया, फ्लडलाइट्स, आधुनिक ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और हाई-एंड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होंगे। यह स्टेडियम बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और कौशल-विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।
इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर साहनी ने इस एमओयू को समूह के लिए “गर्व की बात” बताया और आश्वस्त किया कि इंडियन ऑयल उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग करता रहेगा। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेज़ी से “स्पोर्ट्स पावर” बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और गोरखपुर का यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम उसी दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।