गौतमबुद्धनगर। शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान चलाया। 15 और 16 अक्टूबर को की गई कार्रवाई में मिठाई, नमकीन, शहद, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 10 नमूने एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान लेबलिंग में गड़बड़ी मिलने पर शहद और सरसों के तेल को सीज किया गया। वहीं, साफ-सफाई में खामियां और जरूरी दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर कई प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार, सेक्टर-63, 67 और 68 में स्थित मिठाई एवं नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खोया और टकाटक मसाले के नमूने लिए गए। इसके अलावा दादरी स्थित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रोजो से वैद्यनाथ शहद के दो अलग-अलग बैच के नमूने एकत्र किए गए। शहद के लेबल पर उपयोग की अंतिम तिथि या एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं होने और मिथ्याछाप संबंधी खामियां मिलने के आधार पर संबंधित शहद को सीज कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ईकोटेक-1 स्थित डोमिनोज पिज्जा की बेस किचन का भी निरीक्षण किया। यहां से खुले और पैक रिफाइंड सोयाबीन तेल, पनीर तथा वेज मोमोज के नमूने लिए गए। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। इसके अतिरिक्त सेक्टर-44 स्थित स्विग्गी इंस्टामार्ट और सेक्टर-142 स्थित बिग बास्केट स्टोर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया।

ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर स्थित जेप्टो स्टोर से भुने चने का नमूना लिया गया। यहां भी साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने के कारण सुधार नोटिस जारी किया गया। वहीं, नॉलेज पार्क-3 स्थित फ्लिपकार्ट स्टोर से सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया गया। तेल के पैकेट पर बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने के चलते करीब 40 किलोग्राम सरसों के तेल को सीज कर दिया गया।
खाद्य विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान एकत्र किए गए सभी 10 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन का आकलन किया जाएगा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पंजीकृत या लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें और खरीद से संबंधित बिल सुरक्षित रखें। साथ ही, खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री से पहले लेबल पर दर्ज निर्माण तिथि, बैच नंबर और एक्सपायरी तिथि की जांच करना सुनिश्चित करें।
नवरात्रि और आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों के पालन के प्रति जिम्मेदार बनाना है।