 
  गाजियाबाद में मशहूर हरियाणवी अभिनेता उत्तर कुमार की गिरफ्तारी के बाद उनके परिजनों और समर्थकों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि उत्तर कुमार को झूठे मामले में फंसाकर गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के पीछे लखनऊ में आरोपी महिला द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने के बाद पुलिस पर बढ़े दबाव को कारण बताया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि उत्तर कुमार जांच में लगातार सहयोग कर रहे थे, लेकिन अचानक अमरोहा स्थित फॉर्म हाउस पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, बावजूद इसके पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। परिवार का यह भी आरोप है कि गिरफ्तारी के समय उन्हें किसी भी स्पष्ट जानकारी या दस्तावेज़ के बारे में सूचित नहीं किया गया और पुलिस ने उनके स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को लेकर भी गुमराह किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर पोस्टर और बैनर लेकर नारेबाजी की। पोस्टरों पर संदेश लिखा था – “आत्मदाह बना हथियार”। परिजनों का कहना है कि पुलिस उचित कार्यवाही नहीं कर रही और दबाव में कार्रवाई की गई। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उत्तर कुमार के पक्ष में आवाज़ बुलंद की।