उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इसे देश का विजनरी बजट बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा नेशन फर्स्ट की भावना के साथ कार्य किया है और भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेज़ी से अग्रसर है।
सीएम योगी ने कहा कि यह पहला बजट है जो नए संसद भवन के कर्तव्य भवन से बनकर सामने आया है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित कर नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों पर राष्ट्रीय विमर्श शुरू कराया था। यह बजट हर भारतीय को अपने कर्तव्यों का एहसास कराने का आह्वान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन स्पष्ट रूप से दिखते हैं। किसान, युवा, महिलाएं और गरीब-इन चारों वर्गों को केंद्र में रखकर बजट तैयार किया गया है, जिससे देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं की पूर्ति होगी और नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।

सीएम योगी ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर के लिए ₹10,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा एमएसएमई बेस है, जहां 96 लाख से अधिक एमएसएमई यूनिट्स कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यूपी इस सेक्टर में देश का नेतृत्व कर रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए ₹12.20 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। रेलवे के 7 नए कॉरिडोर को बढ़ावा मिलेगा, जिनमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को प्राप्त हुए हैं। यूपी को लॉजिस्टिक्स का बड़ा हब बनाने की दिशा में यह अहम कदम है।
सीएम योगी ने बताया कि अयोध्या से हल्दिया के बीच वॉटर-वे के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए 1000 टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान देने से श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ₹22,000 करोड़ के डाटा सेंटर प्रोजेक्ट्स पर कार्य जारी है। देश की 55% से अधिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग यूपी में हो रही है। महिला कार्यबल की भागीदारी बढ़ी है और हर जिले में महिलाओं के लिए छात्रावास की सुविधा विकसित की जा रही है।
सीएम योगी ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट का शुभारंभ इसी महीने होगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह परियोजना राज्य की कनेक्टिविटी और निवेश आकर्षण को नई ऊंचाई देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप 11 करोड़ लोग गरीबी से मुक्त हुए हैं। पिछले 11 वर्षों में बनी नीतियां जमीनी स्तर पर दिख रही हैं और भारत विश्व अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थिति की ओर बढ़ रहा है।