सिंगापुर दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार को पहले ही दिन बड़ी कूटनीतिक और आर्थिक सफलता मिली। मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में सिंगापुर की प्रतिष्ठित कंपनी Universal Success Group के साथ करीब ₹6,650 करोड़ के निवेश समझौते पर सहमति बनी, जिससे उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों से अवगत कराते हुए लखनऊ में अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने का औपचारिक आमंत्रण दिया। सरकार का मानना है कि इससे डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और आईटी सेक्टर में नई संभावनाएं खुलेंगी।
इस निवेश प्रस्ताव के तहत ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर जैसे अहम सेक्टर शामिल हैं। समझौते के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में लगभग 100 एकड़ भूमि पर इंटरनेशनल थीम्ड टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें करीब ₹3,500 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इस परियोजना से लगभग 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके अलावा कानपुर–लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ भूमि में एक अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में करीब ₹650 करोड़ का निवेश होगा, जिससे लगभग 7,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। यह लॉजिस्टिक्स पार्क राज्य की सप्लाई चेन और औद्योगिक गतिविधियों को नई मजबूती देगा।
समझौते में नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क विकसित करने की भी योजना शामिल है। इस डेटा सेंटर परियोजना में ₹2,500 करोड़ का निवेश किया जाएगा और इसकी क्षमता 40 मेगावाट होगी। इससे उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख डेटा हब के रूप में उभर सकता है।
सिंगापुर में हुए इन समझौतों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उत्तर प्रदेश अब ग्लोबल कैपिटल के लिए एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनता जा रहा है। निवेशकों का भरोसा और बड़े प्रोजेक्ट्स में रुचि योगी सरकार की नीतियों और मजबूत शासन व्यवस्था को दर्शाती है।