टोक्यो/लखनऊ। उत्तर प्रदेश को भविष्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने के संकल्प के साथ योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के पहले दिन राजधानी टोक्यो में जापान की अग्रणी वैश्विक ट्रेडिंग एवं निवेश कंपनी Mitsui & Co. Ltd. के शीर्ष प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री ने मित्सुई एंड कंपनी के मैनेजिंग ऑफिसर एवं चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स बिजनेस यूनिट) काजुकी शिमिजु से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश में परिवर्तनकारी निवेश अवसरों को तलाशने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए चार प्रमुख और उभरते सेक्टर्स को विशेष रूप से रेखांकित किया। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में सोलर पावर, बायो-एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश दीर्घकालिक और सतत निवेश के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। आईसीटी (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) सेक्टर के अंतर्गत आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल सर्विसेज और स्टार्टअप इकोसिस्टम में निवेश पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। तीसरे महत्वपूर्ण सेक्टर के रूप में सेमीकंडक्टर उद्योग पर चर्चा हुई, जिसमें चिप निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की रणनीति साझा की गई। इसके अलावा डेटा सेंटर सेक्टर में हाइपर-स्केल डेटा सेंटर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल कनेक्टिविटी हब स्थापित करने को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मित्सुई प्रबंधन को दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत–जापान आर्थिक सहयोग को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल देश का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है, बल्कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, विश्वस्तरीय एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर्स के कारण वैश्विक निवेशकों के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों, सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम और समयबद्ध स्वीकृति प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और परिणामोन्मुख वातावरण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर स्तर पर निवेशकों के साथ भागीदारी के लिए तैयार है और बड़े निवेश को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से निर्णय लेने में सक्षम है।