1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP News: सीएम योगी ने सरदार पटेल को बताया भारत का शिल्पकार, कहा-नेहरू ने कश्मीर को बना दिया विवादित

UP News: सीएम योगी ने सरदार पटेल को बताया भारत का शिल्पकार, कहा-नेहरू ने कश्मीर को बना दिया विवादित

सीएम योगी ने कहा कि भारत को आज जिस स्वरूप में हम देखते हैं, वह सरदार पटेल की सूझबूझ, कठोर इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का परिणाम है।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
UP News: सीएम योगी ने सरदार पटेल को बताया भारत का शिल्पकार, कहा-नेहरू ने कश्मीर को बना दिया विवादित

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (15 दिसंबर 2025) को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल को भारत का वास्तविक शिल्पकार बताते हुए कहा कि आज का अखंड और सशक्त भारत, पटेल की दूरदृष्टि और निर्णायक नेतृत्व की ही देन है।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कश्मीर मुद्दे को लेकर प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि जम्मू-कश्मीर के मामले में सरदार पटेल को निर्णय लेने दिया गया होता, तो आज देश को दशकों तक उग्रवाद और अलगाववाद के संकट का सामना नहीं करना पड़ता।

भारत का वर्तमान स्वरूप सरदार पटेल की देन: सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि भारत को आज जिस स्वरूप में हम देखते हैं, वह सरदार पटेल की सूझबूझ, कठोर इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि देश की 567 रियासतों में से अधिकांश को भारत में विलय कराने का श्रेय पटेल के दृढ़ नेतृत्व को जाता है।

उन्होंने कहा कि जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतें भारतीय गणराज्य का हिस्सा बनना नहीं चाहती थीं। ब्रिटिश शासन की ओर से रियासतों को भारत, पाकिस्तान या स्वतंत्र रहने का विकल्प दिया गया था। ऐसे समय में सरदार पटेल ने कूटनीति और निर्णायक कार्रवाई के माध्यम से दोनों रियासतों को बिना रक्तपात के भारत में सम्मिलित किया। सीएम योगी ने कहा कि पटेल की सख्त नीति और दूरदृष्टि के कारण ही जूनागढ़ के नवाब और हैदराबाद के निजाम को देश छोड़कर भागना पड़ा और दोनों रियासतें सहज रूप से भारत का अभिन्न हिस्सा बनीं।

कश्मीर को विवादित बनाने के लिए नेहरू जिम्मेदार: योगी

अपने संबोधन में सीएम योगी ने कश्मीर विवाद की जड़ नेहरू के निर्णयों को बताया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय को लेकर जब तत्कालीन महाराजा असमंजस में थे, उस समय नेहरू ने इस मामले को स्वयं के हाथ में ले लिया।

सीएम योगी के अनुसार, नेहरू के गलत निर्णयों ने जम्मू-कश्मीर को इतना विवादित बना दिया कि आजादी के बाद भी यह देश के लिए पीड़ा का कारण बना रहा। उग्रवाद, अलगाववाद और अस्थिरता-ये सब कश्मीर में नेहरू के निर्णयों की ही देन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कश्मीर का विषय सरदार पटेल के हाथों में होता, तो इतिहास कुछ और ही होता और देश दशकों की पीड़ा से बच सकता था।

370 हटाकर पीएम मोदी ने पटेल के सपने को पूरा किया

सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल हमेशा एक राष्ट्र-एक संविधान-एक प्रधान-एक निशान के सिद्धांत में विश्वास रखते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश ऋणी है, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उसे पूर्ण रूप से भारत का अभिन्न अंग बनाया। इससे देश में एक राष्ट्र, एक विधान का सपना साकार हुआ और सरदार पटेल की अधूरी इच्छा पूरी हुई।

सरदार पटेल की विरासत हमेशा रहेगी प्रेरणा

सीएम योगी ने कहा कि 15 दिसंबर 1950 को सरदार पटेल का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति थी। हालांकि उनका भौतिक नेतृत्व समाप्त हो गया, लेकिन उनकी स्मृतियाँ और उनकी राष्ट्रवादी विचारधारा आज भी पूरे देश को प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की नीतियों और नेतृत्व ने भारत की एकता की नींव मजबूत की और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श स्थापित किया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...