गोंडा: कैसरगंज के पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने अपने गोंडा स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कई समसामयिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर दान पात्र विवाद, नीट पेपर लीक मामला, राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बयान दिए।
राम मंदिर के दान पात्र में कथित गड़बड़ी के सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह इस विषय पर फिलहाल ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने कहा, “मैं बहुत कमजोर आदमी हूं। इस मुद्दे पर यदि मैं पूरी सच्चाई बोल दूंगा तो बहुत परेशानी में आ जाऊंगा। बहुत बड़े लोग जुड़े हुए हैं। समय आने पर इस विषय पर विस्तार से बोलूंगा।

ad
नीट पेपर लीक मामले पर बोलते हुए उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री के इस्तीफा देने मात्र से यह गारंटी नहीं दी जा सकती कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होंगी। उनके अनुसार पेपर लीक एक संगठित व्यवस्था के तहत होता है, जिसमें कई स्तरों पर लोग शामिल रहते हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मंत्री हर जगह निगरानी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस व्यवस्था को तोड़ने और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने का काम करेगी।
दिल्ली प्रवास को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह महिला पहलवानों से जुड़े विवाद के कारण दिल्ली गए थे और उसी मामले को सुलझाने के प्रयास में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि वह काफी समय बाद अपने गोंडा स्थित आवास पर लौटे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि भाजपा को राहुल गांधी के नेतृत्व से कोई राजनीतिक चुनौती नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयानों को गंभीरता से नहीं लिया जाता और जब तक वे कांग्रेस का नेतृत्व करते रहेंगे, भाजपा को कोई विशेष कठिनाई नहीं होगी।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को कुछ दिनों के घटनाक्रम से नहीं आंका जा सकता। उनका दावा था कि राज्य में लंबे समय से एक वर्ग स्वयं को उपेक्षित महसूस करता रहा है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व, विशेषकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी ने पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने के लिए लंबे समय तक काम किया है।
बृजभूषण शरण सिंह के इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। विभिन्न मुद्दों पर दिए गए उनके बयान आने वाले दिनों में राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का विषय बन सकते हैं।