उत्तर प्रदेश में जाति विशेष की कथित बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के किसी भी जनप्रतिनिधि को नकारात्मक या जातिवादी राजनीति का शिकार नहीं बनना चाहिए। मीडिया में प्रसारित खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियां भाजपा के संविधान, सिद्धांतों और आदर्शों के अनुरूप नहीं हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांतवादी राजनीतिक दल है, जो परिवार, वर्ग या जाति विशेष की राजनीति में विश्वास नहीं करती। पार्टी राष्ट्रहित, विकास और समावेशी विचारधारा के आधार पर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति विशेष को लेकर बैठक या चर्चा करना भाजपा की परंपराओं के खिलाफ है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मीडिया में आई खबरों के बाद संबंधित जनप्रतिनिधियों से बातचीत की गई है। कथित तौर पर विधानसभा सत्र के दौरान हुए विशेष भोज और समाज केंद्रित चर्चा को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों को आगाह किया गया है। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी गतिविधि से बचें, क्योंकि यह भाजपा की संवैधानिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि भविष्य में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की गतिविधियां दोहराई जाती हैं, तो इसे पार्टी संविधान के तहत अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित जनप्रतिनिधि के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विविधताओं से भरे लोकतंत्र में सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी राजनीति को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकासवादी राजनीति और राष्ट्रवाद का मॉडल देश और प्रदेश में मजबूत हुआ है। इसके सामने विपक्ष की जाति आधारित राजनीति धीरे-धीरे समाप्त हो रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति को स्थापित कर चुकी है। विकास और आदर्शों पर आधारित इस मॉडल ने जाति की राजनीति करने वाले दलों को पीछे छोड़ दिया है। बदलते राजनीतिक परिदृश्य में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस जैसी पार्टियों का भविष्य अंधकारमय बताया गया। इसी हताशा में ये दल भाजपा के खिलाफ नकारात्मक प्रचार कर रहे हैं।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि पार्टी की मर्यादा और अनुशासन के तहत कार्य करते हैं। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नकारात्मक नैरेटिव से दूर रहें और भाजपा की विचारधारा के अनुरूप जनसेवा और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाएं।