Income Tax Raid: यूपी के बाराबंकी जिले में मेंथा कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी से अचानक रात को हलचल मच गई। दरअसल 26 अक्टूबर को फतेहपुर और मसौली क्षेत्र में आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने अचानक कार्रवाई की है। जिसके बाद कारोबारियों के घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच की गई है।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम फतेहपुर क्षेत्र के ब्राह्मणी टोला में रहने वाले मेंथा कारोबारी सचिन जैन के घर पहुंची। यहां करीब एक दर्जन अधिकारियों की टीम ने दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की है। जिसमें अधिकारियों ने कारोबारी से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। हालांकि, छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने किन दस्तावेजों की जांच की और कार्रवाई के पीछे क्या वजह रही, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दरअसल, आयकर विभाग की कार्रवाई केवल फतेहपुर तक सीमित नहीं रही। मसौली क्षेत्र में स्थित वर्मा ट्रेडिंग कंपनी पर भी टीम ने छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, कंपनी के मालिक प्रेम किशोर वर्मा बताए जा रहे हैं, जो सादामऊ गांव के निवासी हैं। मेंथा ऑयल कारोबार से जुड़े इस प्रतिष्ठान पर भी अधिकारियों ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। विभाग की टीमों ने कारोबारी गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की। बताया जा रहा है कि मेंथा कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
आपकी जानकारी के लिए बता दें बाराबंकी के फतेहपुर और मसौली क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को लेकर फिलहाल कई सवाल बने हुए हैं। ऐसे में आयकर विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों, जांच के दायरे और कार्रवाई के दौरान सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में सभी की नजरें आयकर विभाग की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं। वहीं, अब जांच पूरी होने के बाद ही छापेमारी से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/kanpur-ramlila-150th-year-kailash-kher-live-concert-2026-latest-news/