उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना बौंडी क्षेत्र के टिकुरी गांव में नदी किनारे धान की रोपाई के दौरान एक 12 वर्षीय बच्चे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, टिकुरी गांव निवासी 12 वर्षीय सुनील सिंह नदी के किनारे मौजूद था, तभी अचानक एक विशाल मगरमच्छ ने उसे पकड़ लिया और देखते ही देखते पानी के अंदर खींच ले गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को देखकर शोर मचाया, लेकिन कुछ ही पलों में मगरमच्छ बच्चे को गहरे पानी में ले गया। इस घटना से वहां मौजूद ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और नदी किनारे जाने को लेकर लोग सतर्क हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के बेटे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया और अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की बात कही।