गौतमबुद्धनगर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित करने के लिए 12 अक्टूबर को विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 14 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को 13 अक्टूबर को दोबारा प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी एवं मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की उपस्थिति में प्रशिक्षण दो पालियों में संपन्न कराया गया। पहली पाली में 8 कर्मचारी अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 6 कार्मिक प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 14 कार्मिक गैरहाजिर रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अनुपस्थित कार्मिकों को 13 अक्टूबर को होने वाले प्रशिक्षण सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही या निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में असहयोग करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को निर्धारित तिथि पर प्रशिक्षण में शामिल होने और निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।