नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस और एएनटीएफ आगरा जोन की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 920 ग्राम MDMA बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस तथा एएनटीएफ आगरा जोन की टीम ने नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान घाना निवासी उसुलोर (Usulor) और उज्बेकिस्तान निवासी लायलो शरजे (Laylo Sharzay) के रूप में हुई है।
दिल्ली-NCR में ड्रग्स की सप्लाई का आरोप
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, कलिस्टो नाम का व्यक्ति कथित तौर पर MDMA पाउडर तैयार करता था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर दिल्ली-NCR क्षेत्र में इसकी बिक्री करवाने का आरोप है। पुलिस अब इस मामले में कलिस्टो की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस कार्रवाई के बाद थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा संख्या 288/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8A(C), 22C, 29 और 60 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

