Site icon UP की बात

योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार, कहा- अब बदल चुका है उत्तर प्रदेश

योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार

योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार

Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रविवार को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपराध, माफियाराज और अव्यवस्था का माहौल था। उस समय प्रदेश में कट्टा और बम बनाने का काम होता था, लेकिन आज तस्वीर बदल चुकी है। अब उत्तर प्रदेश के युवा अपनी मेहनत और हुनर से अपनी तकदीर लिख रहे हैं। प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों पर काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास और औद्योगिक प्रगति की नई पहचान बना रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे इसके उदाहरण हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 2017 से पहले विकास के लिए मिलने वाले बजट का इस्तेमाल कहां होता था? उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि उस समय विकास के बजाय कब्रिस्तानों की चहारदीवारी और सैफई महोत्सव पर सरकारी धन खर्च किया जाता था।

गीडा को मिली 502 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

जानकारी के लिए बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर 502 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गीडा में अब डेयरी सहित कई बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं और औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।

सीएम ने 2004-05 की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन सपा सरकार गीडा की जमीन पर स्लॉटर हाउस बनवाना चाहती थी। उन्होंने इसका विरोध किया और कहा था कि गोरखपुर को स्लॉटर हाउस नहीं, बल्कि विकास और उद्योग चाहिए। आज उसी क्षेत्र में औद्योगिक विकास हो रहा है।

यूपी में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल, बदली प्रदेश की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आधुनिक हथियारों और रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है। प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल और अत्याधुनिक राइफल जैसे रक्षा उत्पाद बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत की बढ़ती सैन्य ताकत और बदलते उत्तर प्रदेश की पहचान है। उन्होंने विपक्ष पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। अब प्रदेश में उद्योग, निवेश और रोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है।

जनता दर्शन में सुनीं 150 लोगों की समस्याएं

वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। यहां करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें: सीएम योगी ने गीडा को दी 104 परियोजनाओं की बड़ी सौगात

 

Exit mobile version