Site icon UP की बात

यूपी में रोजगार पर योगी का बड़ा दावा, विपक्ष पर लगाए आरोप

यूपी में रोजगार पर योगी का बड़ा दावा

यूपी में रोजगार पर योगी का बड़ा दावा

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) से पहले राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी नौकरियों (Government Jobs) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधा है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने अकेले वितरित किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में युवाओं को बिना भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं।

जानकारी के लिए बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 1,594 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। वहीं, इन सभी युवाओं को आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में तैनाती मिलेगी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों में 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट शामिल हैं।

अगले सप्ताह 52 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

सीएम योगी ने युवाओं को संबोधित करते हुए आगामी भर्तियों (Upcoming Recruitments) की जानकारी भी दी। जिसमें उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह प्रदेश में 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है।

योगी ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार की रफ्तार और नियुक्तियों की संख्या को सैफई सिंडिकेट पचा नहीं पाएगा। उन्होंने सपा के 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को यह बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने युवाओं के लिए क्या किया।

2017 से पहले प्रदेश में था पलायन का माहौल

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता था। किसानों की स्थिति खराब थी और बेटियां भी सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। उन्होंने पिछली सपा सरकार पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी नौकरियों और विकास योजनाओं में चाचा-भतीजे की जोड़ी का प्रभाव रहता था। उस समय योग्य युवाओं को अवसर नहीं मिलते थे।

गोंडा में 46,800 विद्यार्थियों को मिलेंगे टैबलेट

सीएम योगी शुक्रवार को गोंडा में चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित करेंगे। सरकार का कहना है कि युवाओं को रोजगार के साथ तकनीकी शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर बढ़ी तकरार

Exit mobile version