Site icon UP की बात

परिवहन आयुक्त का निरीक्षण, सड़क सुरक्षा और राजस्व वसूली पर दिए सख्त निर्देश

अयोध्या : परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश ने ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट (डीटीटीआई) अयोध्या एवं संभागीय परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा, प्रवर्तन कार्यों तथा राजस्व वसूली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए।

डीटीटीआई अयोध्या के निरीक्षण के दौरान परिवहन आयुक्त ने सड़क सुरक्षा एवं प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग के मामलों में चालानित वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा-19 के तहत नोटिस जारी कर पुनः प्रशिक्षण के लिए डीटीटीआई भेजा जाए। उन्होंने कहा कि इससे वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने डीटीटीआई परिसर स्थित टेस्टिंग ट्रैक एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा हरित परिसर के विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने संभागीय परिवहन कार्यालय अयोध्या का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय अभिलेखों एवं रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव पर जोर देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से कंप्यूटर प्रणाली का स्वयं संचालन करने, तकनीकी दक्षता बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के उपरांत आयुक्त, अयोध्या मंडल सभागार में अयोध्या एवं बस्ती मंडल के परिवहन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान परिवहन आयुक्त ने ओवरस्पीडिंग, ड्रंकन ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित संचालन भी आवश्यक है।

परिवहन आयुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

Exit mobile version