ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक UP International Trade Show 2026 आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के अलावा वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था तैयार की है। खासकर 25 सितंबर को वीआईपी मूवमेंट के दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास कुछ मार्गों पर अस्थायी डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
चिल्ला रेड लाइट से आने वाले वाहनों का रूट बदलेगा
चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे के रास्ते ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर सेक्टर-15 की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन डीएससी मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
DND से ग्रेटर नोएडा जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
डीएनडी से एक्सप्रेसवे के जरिए ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन एमपी-01 और डीएससी मार्ग का इस्तेमाल कर आगे बढ़ सकेंगे।कालिंदी बॉर्डर से आने वाले ट्रैफिक को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद एमपी-03 और डीएससी मार्ग से गंतव्य तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों के लिए रूट
सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, ग्रेटर नोएडा से नोएडा एक्सप्रेसवे की तरफ आने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94 की ओर भेजा जा सकता है। इसके बाद महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-37 के रास्ते वाहन आगे जा सकेंगे।
आगरा की ओर से नोएडा आने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ता
आगरा की दिशा से नोएडा आने वाले वाहन जेवर टोल से आगे कस्बा जेवर की ओर उतर सकेंगे। इसके बाद साबौता अंडरपास, खुर्जा बाईपास और जहांगीरपुर होते हुए वाहन अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
परीचौक और सूरजपुर के बीच भी रहेगा डायवर्जन
परीचौक से एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा जाने वाले ट्रैफिक को सूरजपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रास्ते आगे जाने की व्यवस्था रहेगी। सूरजपुर से परीचौक की ओर जाने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह पी-3 गोलचक्कर से परीचौक होते हुए सूरजपुर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले वाहनों को स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से 130 मीटर रोड के जरिए वाहन आगे बढ़ सकेंगे।
GIP और DND जाने वाले वाहनों के लिए भी बदलाव
GIP की ओर से फिल्मसिटी फ्लाईओवर होते हुए DND जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन डीएससी और एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। रजनीगंधा की ओर से DND होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौक से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन डीएससी मार्ग से न्यू अशोक नगर बॉर्डर होते हुए दिल्ली जा सकेंगे। गोलचक्कर सेक्टर-15 से सेक्टर-14ए फ्लाईओवर के रास्ते दिल्ली जाने वाले वाहनों को भी गोलचक्कर से डायवर्ट कर डीएससी मार्ग और न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 25 सितंबर को वीआईपी मूवमेंट के दौरान एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास जाने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखें। इससे संभावित जाम और यातायात संबंधी परेशानी से बचने में मदद मिलेगी। डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को सुरक्षित रूप से निकालने की व्यवस्था रहेगी।
यातायात समस्या पर इस नंबर पर करें संपर्क
यात्रियों और वाहन चालकों को यातायात संबंधी किसी परेशानी की स्थिति में गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन 9971009001 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

