ग्रेटर नोएडा। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के औद्योगिक सेक्टरों में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान सफाई के साथ औद्योगिक क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सड़कों और नालियों से हटाया जाएगा कचरा
अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों, नालियों, निर्माण स्थलों और खाली पड़े स्थानों की सफाई कराई जाएगी। सफाई के दौरान निकलने वाले ठोस कचरे और निर्माण मलबे को अलग-अलग एकत्र कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारित किया जाएगा। प्राधिकरण की टीमें अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर निगरानी भी रखेंगी। सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
ईस्ट और वेस्ट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
अभियान की निगरानी के लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ईस्ट क्षेत्र की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार को सौंपी गई है, जबकि वेस्ट क्षेत्र में वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह अभियान की निगरानी करेंगे।
कई औद्योगिक सेक्टर अभियान में शामिल
ग्रेटर नोएडा ईस्ट के तहत इकोटेक-1, इकोटेक-1 एक्सटेंशन-1, इकोटेक-1 एक्सटेंशन, इकोटेक-10, इकोटेक-11, इकोटेक-6, इकोटेक-7, इकोटेक-8 और उद्योग विहार सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई कराई जाएगी। इसी तरह ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इकोटेक-3, इकोटेक-12 और आसपास के संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों को भी अभियान में शामिल किया गया है।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस कर रहीं निगरानी
पूरे अभियान की निगरानी प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष टीमों के जरिए नियमित निगरानी की जाएगी। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि अभियान के दौरान सभी औद्योगिक सेक्टरों में सफाई व्यवस्था बेहतर हो और कोई भी क्षेत्र स्वच्छता अभियान से बाहर न रहे।

