लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी का पूरा फोकस अब उत्तर प्रदेश पर केंद्रित हो गया है। हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पार्टी नेतृत्व ने राज्य में बड़ा सियासी एक्शन लेने की योजना बनाई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है, जिसकी संभावना 10 मई से पहले जताई जा रही है। इसके साथ ही 15 मई तक संगठन में भी बड़े बदलाव संभव हैं। पार्टी युवा चेहरों को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है, जबकि उम्रदराज मंत्रियों को हटाने पर भी विचार किया जा रहा है।
बीजेपी जातीय समीकरणों को साधने के लिए संतुलित कैबिनेट तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, ताकि चुनावी दृष्टि से मजबूत आधार तैयार किया जा सके। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक लगातार बैठकों और मंथन का दौर चला, जिसमें राज्य और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कई अहम चर्चाएं हुईं।
बताया जा रहा है कि अप्रैल माह में हुई बैठकों के बाद अब निर्णय की स्थिति बन चुकी है। पार्टी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर एक नया खाका तैयार किया है, जिसके आधार पर संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव किए जाएंगे। यह भी संकेत मिल रहे हैं कि 10 से 15 मई के बीच बीजेपी दो बड़े फैसले ले सकती है, जो प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं।

