नोएडा : श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और आगामी शिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सीपी नोएडा लक्ष्मी सिंह ने जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर मेधा रूपम के साथ विभिन्न कांवड़ मार्गों, कांवड़ शिविरों और प्रमुख शिवालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात संचालन और कांवड़ यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीपी नोएडा लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कांवड़ मार्गों पर मौजूद व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने शिवभक्तों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी ली। कांवड़ शिविरों में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम, चिकित्सीय सुविधाओं, अग्निशमन व्यवस्था और स्वच्छ एवं हाइजीनिक भोजन की उपलब्धता की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो। यात्रा मार्गों पर लगातार सतर्कता बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजामों को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा सीपी नोएडा और जिलाधिकारी ने थाना रबूपुरा क्षेत्र के नानकेश्वर महादेव मंदिर, भाईपुर का भी स्थलीय निरीक्षण किया। यहां आगामी शिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक को लेकर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कंट्रोल रूम, भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग और अन्य सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिवरात्रि के दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जलाभिषेक के लिए आने वाले भक्तों को सुगम आवागमन और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ यातायात और पार्किंग को भी बेहतर तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

