मथुरा। शारदीय नवरात्रि से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान शुरू कर दिया है। व्रत में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए जिले में दुकानों पर निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है।
दो टीमें कर रहीं दुकानों की जांच
सहायक आयुक्त जतिन कुमार सिंह के निर्देश पर विभाग के आठ अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल करते हुए दो टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं और जरूरत के अनुसार नमूने एकत्र कर रही हैं।
मिलावटी आटा बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
सहायक आयुक्त जतिन कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे की मांग बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए त्योहार से पहले ही जांच शुरू की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावटी, खराब या नियमों के विरुद्ध खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विभाग की नजर
खाद्य विभाग के इस अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग की टीमें आगे भी दुकानों का निरीक्षण और सैंपलिंग जारी रखेंगी, ताकि मिलावट की आशंका वाले मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

