ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सैनी गांव के पात्र किसानों को 6 प्रतिशत आबादी कोटे के तहत 58 आवासीय भूखंड आवंटित किए हैं। लंबे समय से लंबित आवंटन प्रक्रिया को बुधवार को किसानों की मौजूदगी में पूरा किया गया। इनमें 18 भूखंडों का ड्रॉ कराया गया, जबकि 40 भूखंड सीधे आवंटित किए गए।
18 भूखंडों के लिए कराया गया ड्रॉ
प्राधिकरण के बोर्ड रूम में ओएसडी गुंजा सिंह की अध्यक्षता में समान आकार वाले 18 भूखंडों का ड्रॉ कराया गया। ये भूखंड 17 किसानों से संबंधित थे। पूरी प्रक्रिया किसानों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।
40 भूखंडों का सीधे हुआ आवंटन
अलग-अलग आकार के 40 भूखंडों के लिए ड्रॉ की आवश्यकता नहीं थी। इसलिए संबंधित पात्र किसानों के नाम इन भूखंडों का सीधे आवंटन कर दिया गया। इससे लंबे समय से लंबित किसानों की आबादी भूखंड संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ी।
जमीन अधिग्रहण के बाद से लंबित था मामला
सैनी गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद 6 प्रतिशत आबादी के आवासीय भूखंडों का आवंटन लंबे समय से लंबित था। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और 6 प्रतिशत आबादी भूखंड विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।
अन्य गांवों के किसानों को भी जल्द आवंटन का भरोसा
ओएसडी गुंजा सिंह ने कहा कि पात्र किसानों को 6 प्रतिशत आबादी के आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि सैनी गांव के बाद अन्य गांवों के पात्र किसानों के लंबित भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया भी जल्द आगे बढ़ाई जाएगी। ड्रॉ के दौरान नियोजन विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार और प्रबंधक कपिल तोंगड़ समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

