उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 53वां जन्मदिवस काशी स्थित पावन अन्नपूर्णा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को सुंदर ढंग से सजाया गया और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं और संतों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री के 53वें जन्मदिवस पर प्रतीकात्मक रूप से 53 दीपों को प्रज्वलित किया गया, जो न केवल उनके जीवन के वर्षों का प्रतीक थे, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य, सतत ऊर्जा और दीर्घायु जीवन के लिए की गई शुभकामनाओं का भी प्रतीक बन गए। दीप प्रज्वलन के समय मंदिर परिसर का वातावरण अत्यंत दिव्य और शांतिपूर्ण था, जिसमें भक्तों ने मिलकर मंत्रोच्चार के साथ दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम का नेतृत्व महंत शंकरपुरी जी महाराज ने किया। उन्होंने स्वयं उपस्थित श्रद्धालुओं में लड्डू का वितरण कर जन्मदिन की प्रसन्नता को साझा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न केवल एक राजनेता हैं, बल्कि वे धर्म और संस्कृति के संवाहक भी हैं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि योगी जी को स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन प्राप्त हो, ताकि वे निरंतर समाज और राष्ट्र की सेवा करते रहें।
इस मौके पर महंत शंकरपुरी जी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और निष्ठा की सराहना करते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और सफलता की कामना की और कहा कि योगी आदित्यनाथ जैसे नेता का होना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है।
इस पावन अवसर पर अन्नपूर्णा मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति की गरिमा से सराबोर दिखा..दीपों की रौशनी और प्रसाद वितरण ने इस आयोजन को और भी दिव्य बना दिया। इस छोटे लेकिन भावपूर्ण समारोह के माध्यम से लोगों ने अपने नेता के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं प्रकट कीं।
इस तरह, काशी की पुण्यभूमि ने एक बार फिर यह दर्शाया कि जहां धर्म, श्रद्धा और सेवा मिलते हैं, वहां सच्चा उत्सव जन्म लेता है।