Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इस बीच शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ की है। साथ ही, उन्होंने सीएम योगी को काबिल नेता और हिंदुत्व का मजबूत चेहरा बताया। इतना ही नहीं, राउत ने कहा कि वे योगी आदित्यनाथ से बहुत प्यार करते हैं। उनके बयान ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’ ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है।
संजय राउत ने योगी आदित्यनाथ को बताया काबिल नेता
जानकारी के लिए बता दें संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने खुद को बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताए जाने की बात कही थी। राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने ऐसा कहा है तो यह अच्छी और तारीफ के काबिल बात है। साथ ही, उन्होंने सीएम योगी को एक काबिल नेता बताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बहुमत मिलेगा और पार्टी के विधायक उन्हें ही मुख्यमंत्री चुनेंगे। राउत ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ही रहेंगे।
हिंदुत्व का सबसे मजबूत चेहरा बताया
शिवसेना (UBT) नेता ने योगी आदित्यनाथ को हिंदुत्व का मजबूत चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी की हिंदुत्व के मुद्दे पर अलग पहचान है। राउत ने उनके नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक ऐसे नेता हैं, जिनकी राजनीतिक भूमिका काफी मजबूत है।
बीजेपी में अंदरूनी नाराजगी और नेताओं के बीच मतभेद की खबरों पर भी संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में इस तरह की नाराजगी होना सामान्य बात है। ऐसा लगभग हर पार्टी में देखने को मिलता है।
INDIA गठबंधन में होने के बावजूद की तारीफ
संजय राउत का यह बयान राजनीतिक रूप से इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उनकी पार्टी शिवसेना (UBT) और समाजवादी पार्टी दोनों INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया है। ऐसे समय में गठबंधन के सहयोगी दल के नेता का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करना चर्चा का विषय बन गया है। अब उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर बढ़ी तकरार

