Site icon UP की बात

बहराइच में बिजली संकट से परेशान जनता, सपा विधायक मारिया शाह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

बहराइच में बिजली संकट से परेशान जनता, सपा विधायक मारिया शाह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

बहराइच में बिजली संकट से परेशान जनता, सपा विधायक मारिया शाह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मटेरा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जारी अघोषित विद्युत कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से आम जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाएं और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। मामले को लेकर मटेरा से समाजवादी पार्टी की विधायक मारिया शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है।

स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों में बढ़ी परेशानी

विधायक मारिया शाह ने बताया कि क्षेत्र में बिजली संकट के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, भीषण गर्मी के बीच स्कूलों में छात्र-छात्राएं बिना बिजली के पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि लगातार विद्युत कटौती से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और कई स्थानों पर हालात चिंताजनक बने हुए हैं।

 

कई बिजली उपकेंद्रों की व्यवस्था पर उठे सवाल

विधायक ने आरोप लगाया कि रिसिया, मटेरा, नवाबगंज और मल्लापुर विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित है। उनका कहना है कि उपकेंद्रों पर जिम्मेदार अधिकारियों की उपलब्धता नहीं होने और शिकायतों का समाधान न मिलने से लोगों की समस्याएं और बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि बिजली कटौती को लेकर क्षेत्र के लोग कई बार सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री से विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग

सपा विधायक मारिया शाह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मटेरा विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं का जल्द समाधान कराने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को राहत देने के लिए विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की आवश्यकता है, ताकि स्वास्थ्य, शिक्षा और सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।

 

Exit mobile version