Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। बता दें योगी सरकार (Yogi Government) में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए सवाल किया कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। राजभर ने मुस्लिम आरक्षण के वादे को वोट बैंक की राजनीति बताते हुए संविधान और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला दिया।
सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को घेरा
जानकारी के लिए बता दें ओम प्रकाश राजभर ने आज शनिवार को सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अक्सर संविधान और आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर उनकी मंशा अलग दिखाई देती है। राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। जिसमें उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अखिलेश यादव ने कभी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा संविधान पढ़ा है। वहीं, मंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मुस्लिमों को आरक्षण देने का वादा करके वोट हासिल करना चाहती है। उनके मुताबिक संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रावधान नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला
ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में इंदिरा साहनी मामले और पश्चिम बंगाल के ओबीसी आरक्षण से जुड़े 2024 के मामले का जिक्र किया। जिसमें उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट कई बार धर्म के आधार पर आरक्षण देने के सवाल पर अपना रुख स्पष्ट कर चुका है। साथ ही, उन्होंने आंध्र प्रदेश में मुस्लिम समुदाय को अलग से आरक्षण देने की कोशिश का भी हवाला दिया। राजभर का कहना है कि ऐसे फैसलों को अदालतों में चुनौती मिली और उन्हें रद्द किया गया।
पिछड़ों और दलितों के आरक्षण पर उठाए सवाल
राजभर ने सवाल उठाया कि यदि मुस्लिमों के लिए अलग आरक्षण की व्यवस्था की जाती है तो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के हिस्से पर इसका क्या असर पड़ेगा? उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा के भीतर नया कोटा बनाने से दूसरे पिछड़े और दलित समुदायों का हिस्सा प्रभावित हो सकता है। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। बिना नाम लिए राहुल गांधी को विदेशी पढ़ाई करने वाला नेता बताते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान बचाने की बात करता है, लेकिन उसकी नीतियां संविधान बदलने की आशंका पैदा करती हैं।
संविधान को सबसे ऊपर बताया
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि गैर-यादव पिछड़े और बहुजन समाज के लोग अब राजनीतिक दलों की नीतियों को समझने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि संविधान में समानता और धर्मनिरपेक्षता महत्वपूर्ण हैं और आरक्षण के मुद्दे पर किसी भी तरह की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी। इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है। अब सबकी नजर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर रहेगी।
ये भी पढ़ें: मेरठ कृषि विवि को राज्यपाल ने दी 48 करोड़ की सौगात

