Uttar Pradesh News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार, 25 नवंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 6,724 वाहनों के ई-चालान किए गए। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने पर 8 वाहनों को सीज किया गया। बता दें यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्या उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
मैनुअल और ISTMS कैमरों से हुए चालान
यातायात पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को मैनुअल तरीके से 2,556 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, ISTMS कैमरों की मदद से 4,168 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। इस तरह एक ही दिन में कुल 6,724 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। पुलिस ने ऐसे 2,344 वाहनों के चालान किए।
नो पार्किंग और गलत दिशा में चलने वालों पर कार्रवाई
ऐसे में विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 754 चालान किए गए। वहीं, विपरीत दिशा में वाहन चलाने वाले 311 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके अलावा फॉल्टी नंबर प्लेट वाले 183 वाहनों और ब्लैक फिल्म लगे 18 वाहनों के चालान किए गए। ओवरस्पीडिंग करने वाले 388 वाहन चालकों पर भी यातायात पुलिस ने कार्रवाई की।
स्विगी-जomato चालकों को किया जागरूक
चालानी कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया। पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108, गौतमबुद्धनगर में स्विगी और जोमैटो के डिलीवरी चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान चालकों को नकली हेलमेट के नुकसान बताए गए और अच्छी गुणवत्ता वाले हेलमेट पहनने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का संदेश है कि सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा केवल नारा नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़ें: मथुरा में YEIDA का बड़ा एक्शन, 9 हेक्टेयर अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

