Site icon UP की बात

कटान रोधी कार्यों पर विधायक विनय वर्मा का प्रशासन पर हमला, डीएम से की जमीनी सत्यापन की मांग

सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़ विधानसभा सीट से विधायक विनय वर्मा ने कटान रोधी कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि क्षेत्र में चल रहे करोड़ों रुपये के कटान रोधी कार्यों की वास्तविक स्थिति अधिकारियों की रिपोर्ट से बिल्कुल अलग है।

विधायक ने कहा कि उन्हें क्षेत्र की जनता द्वारा भेजे गए वीडियो और जमीनी रिपोर्ट में कई खामियां दिखाई दे रही हैं, जबकि अधिकारियों की रिपोर्ट में कार्यों को संतोषजनक बताया जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों, जनता और मीडिया की मौजूदगी में सत्यापन कराने की मांग की है।

विनय वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी करोड़ों रुपये की योजनाओं में लीपापोती कर रहे हैं और मानसून के दौरान योजनाओं के प्रभावित होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्यों को सही ढंग से पूरा नहीं किया गया तो इसका खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ेगा।

विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भी हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से स्वीकृत कटान रोधी योजनाओं को भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस और जीरो करप्शन नीति को कुछ अधिकारी कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।

विनय वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि अधूरे और खराब कार्यों के कारण भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने 15 जून से पहले सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने और जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेने की मांग की।

Exit mobile version