Site icon UP की बात

ग्रेटर नोएडा के किसानों को बड़ा तोहफा, मुआवजा दर में 55.5% बढ़ोतरी

टर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बोर्ड ने किसानों के मुआवजे में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। नए फैसले के बाद किसानों को जमीन का मुआवजा 4,125 रुपये से बढ़ाकर 6,415 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से दिया जाएगा।यानी मौजूदा मुआवजा दर में 2,290 रुपये प्रति वर्ग मीटर की सीधी बढ़ोतरी हुई है। यह करीब 55.5 फीसदी की वृद्धि है।

करीब 10 साल बाद 6% आबादी भूखंड की व्यवस्था बहाल

बोर्ड के फैसले की एक और बड़ी बात यह है कि करीब 10 साल बाद किसानों को 6 फीसदी आबादी भूखंड देने का प्रावधान फिर से लागू किया गया है।आबादी भूखंड लेने वाले किसानों को 5,725 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा। जमीन की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में होते ही किसान को आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र भी जारी किया जाएगा।

40 से 2,500 वर्ग मीटर तक होंगे भूखंड

आबादी भूखंडों के लिए अलग सेक्टर विकसित किए जाएंगे। इन्हें आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इन भूखंडों का क्षेत्रफल 40 वर्ग मीटर से लेकर 2,500 वर्ग मीटर तक होगा।इसके अलावा जमीन पर मौजूद परिसंपत्तियों का अलग से मुआवजा भी दिया जाएगा। प्रमुख मार्गों से लगी जमीन के किसानों को आबादी भूखंड के आवंटन में प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है।

जमीन अधिग्रहण के लिए बनेगा विशेष सेल

किसानों को जमीन खरीद और अधिग्रहण की प्रक्रिया में परेशानी न हो, इसके लिए एसीईओ की अध्यक्षता में जमीन अधिग्रहण सेल गठित किया जाएगा। कुल मिलाकर प्राधिकरण के इस फैसले से किसानों को मुआवजे के साथ आबादी भूखंड का भी लाभ मिलेगा। इसे ग्रेटर नोएडा के विकास में किसानों की भागीदारी और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Exit mobile version