Site icon UP की बात

नोएडा में दीपावली से पहले सफाई और सड़कों की मरम्मत के निर्देश, 31 अक्टूबर तक रिसर्फेसिंग का लक्ष्य

नोएडा में दीपावली से पहले सफाई और सड़कों की मरम्मत के निर्देश, 31 अक्टूबर तक रिसर्फेसिंग का लक्ष्य

नोएडा में दीपावली से पहले सफाई और सड़कों की मरम्मत के निर्देश, 31 अक्टूबर तक रिसर्फेसिंग का लक्ष्य

नोएडा, 16 अक्टूबर।  नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 15 अक्टूबर को प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, निर्माणाधीन परियोजनाओं, ईवी चार्जिंग स्टेशन, अवैध वेंडरों, बकाया वसूली और न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सीईओ ने आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

31 अक्टूबर तक सड़कों की रिसर्फेसिंग के निर्देश

वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्राधिकरण को अभी से जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी सड़कों की रिसर्फेसिंग का कार्य 31 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भवनों में रूफटॉप स्प्रिंकलर लगाने के लिए एडवाइजरी जारी करने और शहर के विभिन्न स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) प्रदर्शित करने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।

दीपावली पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर जोर

त्योहारों के मद्देनजर प्रमुख स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। मूर्ति विसर्जन और अर्घ्य के लिए कृत्रिम तालाब तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था मजबूत करने के लिए गांवों में अतिरिक्त वाहन तैनात किए जाएंगे। कूड़ा उठाने वाले वाहनों में 70 प्रतिशत इलेक्ट्रिक और 30 प्रतिशत सीएनजी वाहन शामिल करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

भंगेल और चिल्ला एलिवेटेड रोड पर निर्देश

भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क, नाली, पुलिया और सेंट्रल वर्ज का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा गया है। चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर तक निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के अंतिम छोर पर जाम की समस्या से बचने के लिए पहले से योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। चिल्ला से यमुना पुस्ता तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की डीपीआर स्वीकृत होने और सैद्धांतिक मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई। एक से दो सप्ताह में इसकी निविदाएं आमंत्रित किए जाने की संभावना है।

 

 

ईवी चार्जिंग के लिए 77 नए स्थल होंगे चिह्नित

नोएडा में 88 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए कार्यादेश जारी हो चुके हैं। इसके अलावा 77 अन्य स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए स्थल चिह्नित किए जाएंगे। पार्कों में ओपन जिम के नियमित रखरखाव और उनकी संख्या बढ़ाने के साथ बच्चों के लिए पीपीपी मॉडल पर गेमिंग और स्पोर्ट्स जोन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एक करोड़ रुपये से अधिक के बकायेदारों पर कार्रवाई

प्राधिकरण की विभिन्न परिसंपत्तियों के बकायेदारों की समीक्षा के दौरान एक करोड़ रुपये से अधिक बकाया रखने वाले ऐसे आवंटियों से एक नवंबर तक वसूली पूरी करने के निर्देश दिए गए, जिनका मामला किसी न्यायालय में लंबित नहीं है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई और रिकवरी आदेश जारी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सेक्टर-145 में पांच प्रतिशत आबादी भूखंडों का कब्जा दीपावली से

सेक्टर-145 में पांच प्रतिशत आबादी श्रेणी के आवंटित भूखंडों का कब्जा देने की प्रक्रिया दीपावली से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्राधिकरण क्षेत्र की अधिसूचित और अधिग्रहित भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।

न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की तैयारी तेज

दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन यानी न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के दौरान प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण के अनुसार, भूमि अधिग्रहण के लिए दरें निर्धारित की जा चुकी हैं और ग्राम प्रधानों के साथ बैठक भी हो चुकी है। अब तक 281 किसानों ने आपसी सहमति के आधार पर अपनी भूमि देने के लिए सहमति पत्र जमा कराए हैं। बैठक में प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न विभागों के महाप्रबंधकों, वरिष्ठ प्रबंधकों तथा अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराए जाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, आरडब्ल्यूए और औद्योगिक संगठनों से प्राप्त मांगों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

Exit mobile version