दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव: मॉनसून फेस्टिवल-2026 के तहत रविवार को भव्य सांस्कृतिक परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक श्री प्रफुल पटेल समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रशासक प्रफुल पटेल और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रशासक प्रफुल पटेल ने राज्यपाल का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मॉनसून फेस्टिवल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिले। शिव तांडव थीम पर ड्रम परफॉर्मेंस, गुजराती गरबा और छत्रपति शिवाजी महाराज की थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दर्शकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहीं।कलाकारों की इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और विविधता के रंगों से सराबोर कर दिया।
राज्यपाल ने की मॉनसून फेस्टिवल की सराहना
अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मॉनसून फेस्टिवल-2026 के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए खुशी और सौभाग्य की बात है।राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में संघ प्रदेश में हुए विकास कार्यों की भी सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि प्रशासक प्रफुल पटेल के नेतृत्व में आधारभूत संरचना, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
भव्य सांस्कृतिक परेड को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रशासक प्रफुल पटेल और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भव्य सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।परेड में विभिन्न सांस्कृतिक दलों और समूहों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की ‘विविधता में एकता’ और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया।
30 अगस्त तक चलेगा मॉनसून फेस्टिवल
पर्यटन मंत्रालय और इनक्रेडिबल इंडिया के समन्वय से आयोजित मॉनसून फेस्टिवल-2026 की शुरुआत 22 अगस्त को हुई है और यह 30 अगस्त तक चलेगा।फेस्टिवल के दौरान संस्कृति, संगीत, नृत्य, खान-पान, मनोरंजन और कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी क्षेत्र की संस्कृति और पर्यटन से परिचित कराना है।मॉनसून फेस्टिवल-2026 दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव की संस्कृति, लोक परंपराओं, पर्यटन संभावनाओं और विकास यात्रा को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनकर सामने आया है।

