Site icon UP की बात

गोरखपुर को 995 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

गोरखपुर को 995 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

गोरखपुर को 995 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास, सुरक्षा और आस्था के मुद्दों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।

गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने 2.6 किलोमीटर लंबे गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया और इसके बाद जनसभा स्थल पहुंचे। इसके अलावा पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौक तक फोरलेन सड़क, एयरफोर्स स्टेशन परिसर में एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग और थाना गुलरिहा में हॉस्टल व विवेचना कक्ष का भी लोकार्पण किया गया।

10 नई परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 181.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 10 विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास, साइंस म्यूजियम, नंदानगर-शमशेर गेट अंडरपास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

आस्था के मुद्दे पर विपक्ष पर हमला

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो दल सत्ता में रहते हुए आस्था पर प्रहार करते रहे, आज वही आस्था की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों से आस्था पर उपदेश सुनना हास्यास्पद लगता है।

विकास और सुरक्षा को बताया सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, एयर और रेलवे कनेक्टिविटी के कारण गोरखपुर निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि गीडा में बड़े पैमाने पर निवेश आने से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है और शहर की पहचान तेजी से बदली है।

 

युवाओं, किसानों और स्वास्थ्य क्षेत्र का किया उल्लेख

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने बीते वर्षों में बिना भेदभाव लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने, मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, एम्स गोरखपुर और इंसेफेलाइटिस नियंत्रण जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।

स्वच्छता और पौधरोपण का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने लोगों से बरसात के मौसम में स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण करने और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

सांसद रवि किशन ने बताया ऐतिहासिक दिन

कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की आधारभूत संरचना में हुए बदलाव भविष्य के विकास की मजबूत नींव साबित होंगे।

 

Exit mobile version