Uttar Pradesh News: गौतमबुद्धनगर में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले के कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया। सभी ने संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों का पालन करने की शपथ भी ली। कार्यक्रमों के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री योगी के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
जानकारी के लिए बता दें लखनऊ के लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ भी किया। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर के जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण दिखाया गया।
दादरी के भोगपुर गांव में भी हुआ आयोजन
विकासखंड दादरी के ग्राम भोगपुर स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दादरी के प्रतिनिधि सेवानंद शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी और जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों को डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना की जानकारी दी। वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार पांडे की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया और उसके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
कई गांवों में आयोजित हुए संविधान दिवस के कार्यक्रम
जिले के ग्राम छायसा, जारचा, खगोड़ा, प्यावली ताजपुर, भगवंतपुर और शमशमनगर सहित अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा जेवर के मोहल्ला चामड़वाला स्थित महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा स्थल पर भी संविधान दिवस मनाया गया। इन कार्यक्रमों में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक समानता के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया।
ये भी पढ़ें: संविधान दिवस पर योगी का बड़ा संदेश, कहा- आम नागरिक ही देश की ताकत

