नोएडा। दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान पटाखों की बिक्री और उनके भंडारण में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सेक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन पर पटाखा विक्रेताओं के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
फायर स्टेशन पर पटाखा विक्रेताओं के साथ हुई बैठक
बैठक में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने पटाखा कारोबारियों के साथ बिक्री स्थलों की सुरक्षा, आतिशबाजी के सुरक्षित भंडारण और आग से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
ग्रीन पटाखों की बिक्री को लेकर दिए निर्देश
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही की जाए। सभी दुकानों और बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य होगा, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा दुकानदारों को ज्वलनशील वस्तुओं का अनावश्यक भंडारण नहीं करने और बिजली से जुड़े सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही लोगों की जान और संपत्ति के लिए खतरा बन सकती है।
संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत दें सूचना
बैठक में पटाखा विक्रेताओं को प्रशासन और अग्निशमन विभाग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि बिक्री स्थल पर आग लगने की आशंका, किसी संदिग्ध गतिविधि या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग को तत्काल सूचित किया जाए।
सुरक्षित दिवाली के लिए पुलिस ने की अपील
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि दीपावली खुशियों और उत्साह का पर्व है। इसे सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ कारोबारियों और आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। सुरक्षा नियमों का पालन करके आगजनी और अन्य संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नियमों के अनुसार ही पटाखों की खरीदारी और इस्तेमाल करें। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस तथा अग्निशमन विभाग लगातार सतर्क रहेंगे।

