लखनऊ में लेखपाल मुख्य परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की शिकायत पर विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आयोग का कहना है कि लेखपाल पद के लिए मुख्य परीक्षा प्रदेश के 44 जनपदों के 861 परीक्षा केंद्रों पर पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ अराजक तत्वों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और असत्य पोस्ट शेयर कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी और सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड की निगरानी में की जाएगी। आयोग ने कहा है कि ऐसी अफवाहों के जरिए सरकार की छवि धूमिल करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

