वाराणसी में इस साल देव दीपावली का पर्व बेहद भव्य अंदाज में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस बार काशी के घाटों से लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों और कुंडों तक दीपोत्सव की विशेष रौनक देखने को मिलेगी।
20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव
काशी में गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा। इस दौरान चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीत संध्याओं का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी। इस दौरान काशी के सभी प्रमुख घाटों, रेतीले तटों और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे।
लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी होंगे आकर्षण
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती आयोजित होगी। इसके अलावा चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन को पर्यावरण के प्रति जागरूकता और काशी की सांस्कृतिक पहचान के साथ भव्य रूप देना है।
सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर बनाए जाएंगे
देव दीपावली में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा जाएगा। भीड़ पर नजर रखने के लिए 27 वॉच टावर और ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा क्यूआरटी, जल पुलिस, निजी गोताखोर और पर्यटक पुलिस की तैनाती होगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र भी बनाए जाएंगे।
गंगा में पहली बार लागू होगा टू-वे लेन सिस्टम
नावों की आवाजाही को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक टू-वे लेन सिस्टम तैयार किया गया है। इसके तहत नावों के आने और लौटने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे। नदी में डीजल से चलने वाली और दूसरे जनपदों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस तैनात रहेंगी।
जाम से बचाने के लिए 31 पार्किंग स्थल निर्धारित
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए शहर में 7 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। भीड़ वाले प्रमुख रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर रोक रहेगी। आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के लिए 14 अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को जल्द इलाज मिल सके।
20 से 25 नवंबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देव दीपावली से पहले और बाद में शहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दीपदान समाप्त होते ही घाटों की सफाई शुरू कर दी जाए, जिससे अगले दिन सुबह स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
काशी की भव्यता और संस्कृति का दिखेगा संगम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली काशी की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस आयोजन में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस बार 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी, भव्य गंगा आरती, लेजर शो और सुरक्षा के खास इंतजामों के साथ काशी की देव दीपावली एक यादगार आयोजन बनने जा रही है।

