Site icon UP की बात

मेरठ में सीएम योगी का युवा संवाद, रोजगार और तकनीक पर युवाओं से की चर्चा

मेरठ में सीएम योगी का युवा संवाद, रोजगार और तकनीक पर युवाओं से की चर्चा

मेरठ में सीएम योगी का युवा संवाद, रोजगार और तकनीक पर युवाओं से की चर्चा

मेरठ।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

मंगलवार को 2500 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि रोजगार अभियान के तहत मंगलवार को फिर 2500 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सीएम के मुताबिक अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के साथ अपनी क्षमता के अनुरूप नए क्षेत्रों में अवसर तलाशने चाहिए।

युवाओं से बोले- राष्ट्र प्रथम की भावना रखें

युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिलने से विकास की गति बढ़ सकती है। उन्होंने युवाओं से पिछली सरकारों के कार्यकाल और वर्तमान व्यवस्था की तुलना तथ्यों के आधार पर करने तथा सकारात्मक और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को आगे बढ़ाने की बात कही।

मेरठ की कानून-व्यवस्था का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने मेरठ के पुराने दौर का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था में हुए बदलावों का दावा किया। उन्होंने वाहन चोरी और चोरी के वाहनों की कटाई के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगी है। उन्होंने पुलिस व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस को तैयार रहना चाहिए।

पश्चिमी यूपी में शिक्षा और सुरक्षा का मुद्दा

सीएम योगी ने 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और शिक्षा को लेकर लोगों की चिंताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने मेरठ में खेल विश्वविद्यालय, एक्सप्रेसवे और नमो भारत रैपिड रेल जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विस्तार की बात कही।

 

गन्ना भुगतान और किसानों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर गन्ना मूल्य भुगतान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर व्यवस्था मजबूत की गई है और 2017 से 2026 के बीच 3.30 लाख करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य भुगतान का दावा किया।

ओडीओपी और एमएसएमई को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि इन क्षेत्रों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने प्रदेश में आए निवेश प्रस्तावों और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में रोजगार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

युवाओं से एआई और नई तकनीक सीखने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नई तकनीकों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने क्वांटम कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने की बात कही।उन्होंने युवाओं से अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करने और अपनी विरासत, देश तथा राष्ट्रनायकों के बारे में जानकारी हासिल करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

युवा संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सुभारती विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और संगठन से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

 

Exit mobile version