गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मूल्यों, आदर्शों और राष्ट्रहित की राजनीति के बल पर शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि 1985 में लोकसभा में मात्र दो सीटों तक सीमित रहने वाली भाजपा आज केंद्र सहित 21 राज्यों में सरकार चला रही है और दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
मुख्यमंत्री गोरखपुर में भाजपा महानगर इकाई द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की यात्रा केवल सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और सामाजिक समन्वय स्थापित करने की यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “मूल्यों और आदर्शों के बिना की जाने वाली राजनीति, राजनीति नहीं बल्कि मौत का फंदा होती है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सिद्धांतों और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। गरीबों के लिए आवास, शौचालय, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने देश को मजबूत आंतरिक और बाहरी सुरक्षा का मॉडल दिया है, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर अधिक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है।

