Site icon UP की बात

CM योगी ने 21 करोड़ के स्मृति सभागार का किया लोकार्पण, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में हिस्सा लिया।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रुद्राक्ष का पौधा और त्रिशूल भेंट कर स्वागत किया गया।

21 करोड़ से अधिक के स्मृति सभागार का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने अवध केसरी स्मारिका का विमोचन किया।डाक विभाग की ओर से तैयार किए गए विशेष आवरण का भी मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।इसके बाद मुख्यमंत्री ने करीब 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवनिर्मित अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार का बटन दबाकर लोकार्पण किया।

शौर्य गाथा पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान राना बेनी माधव बख्श सिंह के जीवन, शौर्य और पराक्रम पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।फिल्म के माध्यम से 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम में अवध केसरी के योगदान और उनके वीरता भरे इतिहास को सामने रखा गया।शहीदों के परिजनों को  सम्मानित किया , समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीदों के परिजनों को शॉल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में लालगंज की श्रीमती सुमन यादव, डलमऊ की श्रीमती ललिता देवी, ऊंचाहार की श्रीमती कृष्णावती और सदर की श्रीमती ज्ञानवती देवी शामिल रहीं।इनके परिजन अलग-अलग सैन्य अभियानों और ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में मंत्री जयवीर सिंह, राकेश सचान, मनोज पांडेय, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश सिंह और विधायक अदिति सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनकी वीरता, बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके इतिहास से परिचित कराने का अवसर भी बना।

Exit mobile version