Site icon UP की बात

Lucknow : सीएम योगी ने पीएम मोदी पर प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, सेवा पखवाड़ा की दी जानकारी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जीपीओ पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित की गई है, जो 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि यह चित्र प्रदर्शनी प्रधानमंत्री मोदी के बाल्यकाल से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक के पूरे सफर को प्रस्तुत करती है। उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है।

सीएम योगी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि गरीब, किसान, नौजवान, महिलाएं और वंचित समाज आज विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।

योगी आदित्यनाथ ने यह भी उल्लेख किया कि अयोध्या, काशी, केदारनाथ, बद्रीनाथ और महाकाल लोक जैसे धार्मिक स्थलों का कायाकल्प नए भारत की पहचान बन चुका है। सामाजिक न्याय और समानता के लिए भी अनेक कार्य किए गए हैं, जिनसे समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया कोविड से जूझ रही थी, तब भारत ने कम समय में वैक्सीन विकसित कर दुनिया को चौंका दिया। सेवा पखवाड़ा का पहला चरण महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित है। इसके तहत “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

सीएम ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 सितंबर को “नमो मैराथन” का आयोजन 17 नगरों में किया जाएगा, जिसमें हजारों युवा भाग लेंगे। इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्तूबर को गांधी-शास्त्री जयंती के साथ सेवा पखवाड़ा का समापन होगा।

Exit mobile version