उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोण्डा जिले की कर्नलगंज और कटरा विधानसभा क्षेत्रों को 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। चकरौत गांव में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने प्रदेश में हो रहे विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोण्डा जिले के कर्नलगंज और कटरा विधानसभा क्षेत्रों को बड़ी विकास सौगात देते हुए कुल 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद गोण्डा जिले के चकरौत गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कटरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 256 करोड़ रुपये तथा कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में करीब 260 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोण्डा एक ऊर्जावान जनपद है और यहां के किसान, महिलाएं, युवा तथा बेटियां प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक यह क्षेत्र परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और तुष्टीकरण की राजनीति का शिकार रहा, जिसके कारण अपेक्षित विकास नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज गोण्डा सहित पूरे प्रदेश में विकास की नई धारा बह रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकारी नौकरियों, निवेश और रोजगार के अवसरों का लाभ अब प्रदेश के युवाओं को मिल रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और गोण्डा के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद क्षेत्र की पहचान और मजबूत हुई है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, चार लेन और दो लेन सड़कों सहित विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले विकास कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित था, जबकि वर्तमान सरकार ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने श्रावस्ती में एयरपोर्ट निर्माण, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जाएगी और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

