Site icon UP की बात

CM योगी के जन्मोत्सव और पर्यावरण दिवस से पहले गोरखपुर में स्वच्छता अभियान, 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

विश्व पर्यावरण दिवस और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव के अवसर पर गोरखपुर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जन्मोत्सव से एक दिन पहले रामगढ़ताल स्थित नौका विहार परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें नगर आयुक्त, महापौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

अभियान के दौरान सभी ने मिलकर नौका विहार परिसर की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि यह अभियान भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की भावना को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में नागरिक इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

गोरखपुर के महापौर मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन और विश्व पर्यावरण दिवस एक ही दिन होने के कारण नगर निगम द्वारा विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ आगामी 15 दिनों तक व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

नगर निगम ने इस विशेष अभियान के तहत 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पौधरोपण अभियान में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ शहर की अवधारणा को मजबूत करना है।

Exit mobile version