Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के रायगंज क्षेत्र में 10 मार्च को हुई आग की घटना से प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। इस हादसे में चार दुकानदारों की दुकान और आवासीय क्षेत्र में रखा व्यवसायिक व घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया था, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार दोपहर बाद गोरखनाथ मंदिर स्थित बैठक कक्ष में प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की और उन्हें संबल प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल 14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने हरिश्चंद्र गुप्ता और अमित कुमार गुप्ता को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की, जबकि युवराज गुप्ता और ब्रजेश मणि गुप्ता को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संकट की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी मदद दी जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और विपिन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस कदम से प्रभावित परिवारों को राहत मिली और उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त किया।

