नोएडा। गौतमबुद्धनगर में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नोएडा पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 30 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर नोएडा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 471 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 19 वाहनों को सीज किया गया।
45 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा
डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के नेतृत्व और एडीसीपी अभय कुमार मिश्र की निगरानी में 45 पुलिस टीमों को अभियान में लगाया गया। इन टीमों ने शहर के 45 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान कुल 1,922 वाहनों और 2,068 लोगों की जांच की गई।
327 लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए 327 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 292 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई।
बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, औद्योगिक इलाकों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। इसके अलावा बैंकों, एटीएम, होटलों और ढाबों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को पैदल गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।नोएडा पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

