Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लंबे समय से प्रस्तावित बाराबंकी विकास प्राधिकरण (Barabanki Development Authority) के गठन की उम्मीद अब बढ़ गई है। दरसअल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद प्राधिकरण के गठन से जुड़ी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। जिसमें करीब 15 साल से चल रही इस कवायद को अब अंतिम रूप देने की तैयारी है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने नौ महीने पहले दुल्हादेपुर कुटी पहुंचने पर अधिकारियों को बीडीए गठन की प्रक्रिया शुरू कराने के आदेश दिए थे।
जानकारी के लिए बता दें प्रस्तावित प्राधिकरण में लखनऊ से सटे इलाकों को भी शामिल किया जाएगा। इसका मुख्या उद्देश्य तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार को व्यवस्थित करना और अनियोजित निर्माण पर रोक लगाना है।
402 ग्राम पंचायतों और पांच नगरीय निकायों को मिलेगा हिस्सा
प्रस्ताव के अनुसार, बाराबंकी विकास प्राधिकरण में नगर पालिका परिषद नवाबगंज और नगर पंचायत बंकी, देवा, सतरिख व जैदपुर को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा नवाबगंज तहसील की 371 और फतेहपुर तहसील की 31 ग्राम पंचायतें भी इसके दायरे में आएंगी। इस तरह कुल 402 ग्राम पंचायतों की करीब 13.68 लाख आबादी प्राधिकरण का हिस्सा बनेगी। प्रस्तावित क्षेत्रफल लगभग 1008 वर्ग किलोमीटर बताया गया है, जो जिले के कुल क्षेत्रफल का करीब एक चौथाई है।
आयुक्त अयोध्या मंडल होंगे प्राधिकरण के अध्यक्ष
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अयोध्या मंडल के आयुक्त को प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसमें एक उपाध्यक्ष का पद भी होगा। जिलाधिकारी को सचिव की जिम्मेदारी देने का प्रावधान है। नगर विकास विभाग के सचिव भी प्राधिकरण के सदस्य होंगे। इसके संचालन के लिए कुल 106 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती प्रस्तावित है।
अनियोजित विकास पर लगेगी रोक
बता दें बाराबंकी में पिछले कई वर्षों से आवासीय कॉलोनियों और बहुमंजिला इमारतों का तेजी से विस्तार हुआ है। कई इलाकों में सड़क, जलनिकासी, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी सामने आई है। इसी समस्या को देखते हुए वर्ष 1984 में विनियमित क्षेत्र प्राधिकरण बनाया गया था। बाद में 1993 में इसका दायरा बढ़ाया गया। वर्ष 2005, 2016, 2020 और 2022 में भी बीडीए गठन के प्रस्ताव शासन को भेजे गए, लेकिन मंजूरी नहीं मिल सकी। अब नए प्रस्ताव में 164 अतिरिक्त ग्राम पंचायतों और जैदपुर को भी शामिल किया गया है।
कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के मुताबिक, बीडीए गठन को लेकर शासन की बैठक में प्रेजेंटेशन दिया जा चुका है। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी के बाद बाराबंकी में विकास प्राधिकरण जमीन पर काम शुरू कर सकेगा।
ये भी पढ़ें: जनधन के 17.69 लाख खाते खुले, अटल पेंशन योजना से कई लोगों को मिलेगा लाभ

